नयी दिल्ली , जून 18 -- दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि कल्याण शिविर का उद्देश्य केंद्र सरकार तथा दिल्ली सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं जनसेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर नागरिकों को उनका लाभ पहुंचाना है।

श्री गुप्ता ने आज रोहिणी में आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा "जब शासन-प्रशासन प्रत्येक नागरिक के द्वार तक पहुंचता है, तब जनकल्याण सशक्तिकरण में परिवर्तित हो जाता है और लोकसेवा जन-जन के जीवन का वास्तविक अनुभव बन जाती है।" उन्होंने कहा कि 18 जून से 20 जून तक होने वाला यह शिविर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशव्यापी जनसंपर्क एवं जनकल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है। शिविर का उद्देश्य केंद्र सरकार तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं जनसेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराकर नागरिकों को उनका लाभ पहुंचाना है।

श्री गुप्ता ने कहा कि यह शिविर नागरिकों को बिना किसी अनावश्यक प्रक्रियागत कठिनाई के सरकारी योजनाओं एवं आवश्यक जनसेवाओं तक सहज पहुंच सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविर को एक समग्र सेवा मंच के रूप में विकसित किया गया है, जहां लाभार्थी राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जन धन खाते, लखपति दीदी योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं, पेंशन संबंधी सेवाओं तथा अन्य कई नागरिक-केंद्रित पहलों का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रकार के जनसंपर्क कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समावेशी विकास के महत्व पर बल देते हुए श्री गुप्ता ने रोहिणी तथा आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों, उद्यमियों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की आवश्यकताओं को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता एवं अधिकारों से वंचित न रह जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित