पटना , जून 15 -- बिहार के योजना एवं विकास मंत्री श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि जन्म एवं मृत्यु का शत-प्रतिशत पंजीकरण नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और सुशासन को मजबूत करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मंत्री ने इस विषय पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों से, विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज़ करने का आह्वान किया, जिससे अधिक से अधिक लोग पंजीकरण के महत्व और इसकी प्रक्रिया से परिचित हो सकें।

श्री कुशवाहा कहा कि जिस प्रकार गांवों में जनगणना और आबादी संबंधी आंकड़ों ने आवास योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद की है, उसी प्रकार जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से प्राप्त सटीक आंकड़े सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने और जरूरतमंद लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मंत्री जी ने इस क्षेत्र में यूनिसेफ के सहयोग तथा बिहार के बच्चों और किशोरों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

श्री कुशवाहा ने नेतृत्व में बिहार सरकार ने राज्य में जन्म और मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक व्यापक रोडमैप जारी किया है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में प्रत्येक जन्म और मृत्यु का पंजीकरण समय पर, पूर्ण और नागरिकों के लिए सुगम हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित