बिलासपुर , सितंबर 04 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जन्माष्टमी के अवसर पर मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारी के दौरान शुक्रवार को एक युवक हाई टेंशन तार की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजीव गांधी चौक की है। घायल युवक की पहचान रेहान खान के रूप में हुई है। बताया गया है कि रेहान जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित होने वाले मटकी फोड़ कार्यक्रम के लिए मटकी बांध रहा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया।

करंट लगने से रेहान बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद उसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित