दरभंगा , सितंबर 02 -- ्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर चार और पांच सितंबर को विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए दरभंगा जिले में 332 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जलारड्डी ने संयुक्त आदेश जारी कर पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, पूजा स्थलों, जुलूस एवं मूर्ति विसर्जन को देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को चार सितंबर के पूर्वाह्न में अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर योगदान देने को कहा गया है।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन ने जिलेवासियों से जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाने का आग्रह किया है।

पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए दरभंगा समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो चार और पांच सितंबर को कार्यरत रहेगा। उप विकास आयुक्त स्वप्निल इसके वरीय प्रभार में रहेंगे। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जिले की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित एक अग्निशमन इकाई तैनात रखने का निर्देश दिया है। जिले के सभी अग्निशमन वाहनों को भी संबंधित अनुमंडल मुख्यालय में पूरी तैयारी के साथ रिपोर्ट करने को कहा गया है।

दरभंगा शहरी क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। यातायात प्रभारी को भ्रमणशील रहकर यातायात एवं विधि-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित