चंडीगढ़ , अगस्त 29 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिर को करीब 10 क्विंटल ताजे फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के बाहर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस बार दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

इस्कॉन चंडीगढ़ के सह-अध्यक्ष अक्रूर नंदन दास ने बताया कि समारोह दो दिवसीय होगा, जिसमें लगातार कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुक्रवार सुबह मंगला आरती और तुलसी आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद हरे राम, हरे कृष्ण नाम संकीर्तन और प्रभात फेरी निकाली गई।

जन्माष्टमी के दिन सुबह चार बजे से रात 12 बजे तक भगवान कृष्ण का पंचामृत और विभिन्न फलों के रस से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भव्य आरती और प्रसाद वितरण होगा। भक्त पूरे दिन नृत्य और कीर्तन में शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। 700 से अधिक स्वयं सेवक और निजी सुरक्षा कर्मी व्यवस्था संभालेंगे। पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी। दक्षिण मार्ग से सेक्टर-36 के अंदर जाने वाली सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की जा सकती है। इसके लिए यातायात पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी की जाएगी। मंदिर में प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योगपतियों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित