नयी दिल्ली , मई 29 -- भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विश्व चैंपियन पावरलिफ्टर महंत गौरव शर्मा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों के बीच कूलर वितरित किए। यह कार्यक्रम प्राचीन नरसिंह हनुमान मंदिर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।
चांदनी चौक स्थित प्राचीन नरसिंह हनुमान मंदिर में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के दौरान महंत गौरव शर्मा ने कई गरीब और जरूरतमंद परिवारों को कूलर भेंट किए। तेज गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हुई। कूलर पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने महंत गौरव शर्मा का आभार व्यक्त किया।
अपने जन्मदिन के मौके पर महंत गौरव शर्मा ने कहा कि समाज सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि खेलों में मिली सफलता का असली महत्व तभी है, जब उससे समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सके। उन्होंने आगे कहा कि गर्मी के इस कठिन मौसम में लोगों को राहत पहुंचाना ही उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित