बारां , जून 15 -- राजस्थान में बारां में जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में संचालित फुटबॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम में सोमवार को बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा का जन्मदिन खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं फुटबॉल संघ पदाधिकारियों द्वारा उत्साहपूर्वक मनाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवसर पर विधायक बैरवा ने खिलाड़ियों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने खेल सामग्री एवं आवश्यक संसाधनों की कमी की समस्या विधायक के समक्ष रखी। खिलाड़ियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए विधायक राधेश्याम बैरवा ने अपने विधायक कोष से फुटबॉल खेल सामग्री क्रय करने के लिए ढाई लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
इस घोषणा के साथ ही उपस्थित खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बन गया और उन्होंने फूल-मालाओं से विधायक का अभिनंदन करके आभार व्यक्त किया।
राजस्थान फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला फुटबॉल संघ के प्रेरक निर्मल माथोडिया ने बताया कि फुटबॉल खिलाड़ियों को राज्य सरकार और राजस्थान क्रीड़ा परिषद से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के यात्रा व्यय एवं खुराक भत्ते की व्यवस्था भी लंबे समय से जिला फुटबॉल संघ द्वारा भामाशाहों के सहयोग से की जाती रही है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को पिछले लगभग आठ वर्षों से यात्रा भत्ता भी प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे फुटबॉल गतिविधियों को बनाये रखने के लिए संघ को जनसहयोग एवं दानदाताओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए विधायक बैरवा ने अपने जन्मदिन के अवसर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विधायक कोष से ढाई लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित