जयपुर , सितंबर 24 -- राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह चुनाव में जीत और वोटों के आंकड़ों को लेकर अपनी पीठ थपथपाते हैं वहीं चुनाव में सत्ता के दुरुपयोग का आरोप भी लगाते हैं।

श्री राठौड़ ने गुरुवार को अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की स्थिति यह है कि जहां उन्हें जीत मिलती है, वहां वे अपनी पीठ थपथपाते हैं और जहां हार का सामना करना पड़ता है, वहां सत्ता के दुरुपयोग और अन्य आरोप लगाकर अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री डोटासरा अपनी हार की झेंप मिटाने और सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित