पटना-, अप्रैल 24 -- बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनादेश के आदेश और अपेक्षाओं के अनुरूप काम करती रहेगी।

श्री सिन्हा ने आज विधानसभा में विश्वासमत हासिल करने के लिये राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी । उन्होंने पत्रकाों से बातचीत में कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार अपनी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव का लाभ लेते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राजग घटक दलों के साथ दृढ संकल्पित होकर आगे बढ़ रहे हैं ।

श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार 2005 से अबतक जिस मजबूती से कार्य कर रही थी, उसी जज्बे के साथ आगे भी काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि बिहार हर क्षेत्र में तेज गति से प्रगति कर रहा है । सुशासन, सेवा, समर्पण के साथ कास्ट, क्राइम और करप्शन से मुक्त बिहार बनाने के संकल्प को भी पूरा करने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो रही है ,जो बिहार के लिए शुभ संकेत है ।

भाजपा नेता श्री सिन्हा ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता ने विकास और विश्वास की राजनीति को आगे बढ़ाने वाले राजग को जनादेश दिया है, इसलिए उस विश्वास पर खरा उतरना डबल इंजन की सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में राजग के सभी सहयोगियों के साथ मिलकर विकसित बिहार के सपने को साकार किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित