पटना , जून 16 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की ओर से पंचायत स्तर पर आयोजित 'सहयोग शिविर' को पूरे प्रदेश में जनता का अभूतपूर्व समर्थन एवं विश्वास प्राप्त हो रहा है। श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी करते हुए कहा है कि अब तक आयोजित तीन चरणों के सहयोग शिविर में पूरे प्रदेश से लगभग दो लाख छह हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से एक लाख 59 हजार से अधिक आवेदनों का सफलतापूर्वक निवारण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि लगभग 78 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का ऑन -स्पाॅट एवं समयबद्ध निष्पादन यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि राजग सरकार की यह जनहितैषी पहल केवल कागजी दावों तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह शिविर अपने निर्धारित लक्ष्यों की ओर निरंतर मजबूती से आगे बढ़ रहा है और जनता के चेहरों पर संतोष एवं मुस्कान ला रहा है।
श्री कुशवाहा ने इस दूरदर्शी पहल के लिए नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने 'सात निश्चय-3' के माध्यम से इस कल्याणकारी कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भी अभिनंदन किया, जिनके कुशल नेतृत्व में यह कार्यक्रम पूरे बिहार में पारदर्शिता एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो रहा है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने राजग सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की किरणें नहीं पहुँचतीं, तब तक 'समृद्ध बिहार' का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि 'सहयोग शिविर' का मूल उद्देश्य भी यही है कि गरीब, वंचित, शोषित एवं जरूरतमंद लोगों तक सरकार की सभी विकास योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के सुनिश्चित रूप से पहुँचाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित