पटना , मई 16 -- टना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े ने शनिवार को कहा है कि जनहित के मामलों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी। श्री वरवड़े ने आज प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में निवर्तमान आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर से प्रभार ग्रहण किया।

आयुक्त श्री वरवड़े ने कहा कि पटना प्रमंडल अंतर्गत सभी जिलों-पटना, नालन्दा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं कैमूर-के कार्यों का विधिवत अनुश्रवण किया जाएगा। सरकार के विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का तत्परतापूर्वक सफल क्रियान्वयन कराया जाएगा।

श्री वरवड़े ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रमंडल के सभी ज़िला में कार्य-संस्कृति उत्कृष्ट है। आयुक्त कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी टीम भावना से काफ़ी अच्छा कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के निदेशों के अनुरूप हर एक दायित्व का तत्परता से निर्वहन किया जाएगा।

आयुक्त श्री वरवड़े ने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक पहुँचे इसके लिए सभी पदाधिकारियों को तत्पर तथा प्रतिबद्ध रहने का निदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय, विधि व्यवस्था, लोक शिकायत निवारण, आपदा प्रबंधन सहित जनहित के सभी विषयों पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित