नयी दिल्ली , जून 19 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार द्वारा 18 से 20 जून तक आयोजित किए जा रहे जन कल्याण शिविरों को राजधानी के नागरिकों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है।

श्रीमती गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि शिविर के पहले दिन 18 जून को राजधानी के 42 जन सुविधा केंद्रों पर कुल 15,186 नागरिकों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं और अपनी समस्याओं के समाधान से संबंधित जानकारी प्राप्त की और आवश्यक प्रक्रियाओं में भाग लिया। उन्होंने कहा कि त्रिलोकपुरी स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय केंद्र पर सर्वाधिक 1,280 नागरिक पहुंचे, जबकि ईस्ट लोनी रोड केंद्र पर 874 तथा सावित्री नगर केंद्र पर 841 नागरिकों की उपस्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा नजफगढ़ स्टेडियम, गोयला डेयरी रोड और पालम कॉलोनी सहित अनेक केंद्रों पर भी उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज की गई। इंद्रपुरी केंद्र पर भी सैकड़ों नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सहायता हासिल की। यह व्यापक जनभागीदारी दर्शाती है कि दिल्लीवासी घर के निकट उपलब्ध हो रही सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए सक्रिय रूप से आगे आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि दिल्लीवासी अपने घर के निकट सरकारी सेवाएं उपलब्ध होने से संतुष्ट हैं और इस पहल को सकारात्मक रूप से स्वीकार कर रहे हैं। कई लोग राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, जल कनेक्शन, आधार पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए शिविरों में पहुंचे। विभिन्न केंद्रों पर लोगों ने अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क किया और मौके पर ही मार्गदर्शन और समाधान प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित