वाराणसी , अगस्त 27 -- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में बुधवार शाम को अधिकारियों के साथ बैठक कर जलभराव, जल निकासी और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने वर्षा से उत्पन्न जलभराव पर नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों की सफाई, सीवर एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा।

श्री शर्मा ने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत पोल, तार, ट्रांसफार्मर एवं अन्य उपकरणों का लगातार निरीक्षण करने तथा वर्षा के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए संभावित खतरों का तत्काल समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्युत तार टूटने, जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत प्रवाह या किसी अन्य जोखिम की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।

मंत्री ने कहा कि वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन नगर में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को वर्षा काल में पूरी तरह सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित