हरिद्वार , मई 04 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 55 शिकायतें तथा ऑनलाइन माध्यम से 15 शिकायतें दर्ज की गईं। इस प्रकार कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत आपूर्ति, राशन, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। शिकायतकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें अवैध कब्जा, भूमि विवाद, बिजली कटौती, पेंशन लंबित होना और जल निकासी जैसी समस्याएं शामिल रहीं।

न्यू विष्णु गार्डन निवासी सचिन वर्मा ने नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जा कर डेयरी संचालन और गंदगी फैलाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, अहमदपुर ग्रांट के सतवीर सिंह ने भूमि पर कब्जे और पैमाइश की मांग की। औरंगाबाद क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य विमलेश देवी ने बिजली आपूर्ति बाधित होने से किसानों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप कुमार धीमान ने पेंशन शुरू न होने की शिकायत दर्ज कराई।

रोहलकी किशनपुर के पंकज कुमार ने गांव में कूड़ा-कचरा और अवैध गोबर हटाने की मांग की, जबकि अतमलपुर बौंगला, शांतरशाह और खेड़ली के किसानों ने वन गुर्जरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने और अतिक्रमण की समस्या बताई। द्वारिका विहार कॉलोनी, सलेमपुर के निवासियों ने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित