हरिद्वार , अगस्त 24 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज हुईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी सभी शिकायतों का 31 अगस्त तक हर हाल में निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा में शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के अगस्त माह के वेतन का आहरण नहीं किया जाएगा। समीक्षा में सीएम हेल्पलाइन के एल-1 स्तर पर 382 और एल-2 स्तर पर 98 शिकायतें लंबित पाई गईं। अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ शिकायतकर्ताओं से सिस्टम के माध्यम से फोन पर वार्ता कर समस्या की वास्तविक स्थिति जानने के निर्देश भी दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित