बैतूल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। जनसुनवाई में कुल 83 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, अतिक्रमण, मार्ग विवाद और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

कलेक्टर ने कहा कि शासकीय कार्यों में अनावश्यक देरी और प्रभाव का उपयोग जनहित के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। भीमपुर निवासी मनसा बाई की शिकायत पर कलेक्टर ने तहसीलदार को कृषि भूमि के सीमांकन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं मुलताई निवासी नितिन सतापे की अवैध निर्माण संबंधी शिकायत पर एसडीएम और तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।

राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों में आमला निवासी के आवेदन पर रिकॉर्ड अद्यतन करने के निर्देश देते हुए संबंधित तहसीलदार कार्यालय के रीडर की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। चिचोली तहसील के ग्राम मंगरौली में अभिलेख दुरुस्ती में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पटवारी के निलंबन के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अन्य मामलों में भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित