बैतूल , सितंबर 01 -- आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याएं लेकर बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर ने नागरिकों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। इस दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी और अन्य विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही समाधान कराया, जबकि शेष प्रकरणों में जांच और निराकरण के लिए समय-सीमा तय की।

ग्राम बोरगांव जीन निवासी बिहारीलाल मालवीय ने विनिर्माता के पंजीयन से संबंधित आवेदन दिया। कलेक्टर ने डीएफओ दक्षिण को वन परिक्षेत्र अधिकारी ताप्ती से आवेदन का सत्यापन कराकर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत भडूस के वार्डवासियों ने अवैध रूप से जमा गोबर और घरेलू अपशिष्ट हटाने की मांग की। इस पर जनपद पंचायत बैतूल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

घोड़ाडोंगरी तहसील के पाढर निवासी हेमराज राठौर ने जमीन पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी की शिकायत की। कलेक्टर ने शाहपुर एसडीएम को जांच के निर्देश दिए। बैतूल की टेलीफोन कॉलोनी विकास नगर निवासी ढोंडू साहूकार ने पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार मुलताई को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

आठनेर के धारुल निवासी बिरे सिंग ने सरपंच द्वारा कथित रूप से भ्रामक जानकारी देकर दुकान हटवाने की शिकायत की। मामले में डीएफओ दक्षिण को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए गए।

बैतूल के दुर्गा वार्ड के रहवासियों ने सड़क निर्माण की मांग रखी, जिस पर नगर पालिका सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम नांदकुंडी निवासी शिवकिशोर खाकरे ने पुत्री के इलाज और शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मांगी। कलेक्टर ने डीपीओ को रेडक्रॉस और स्वेच्छानुदान से सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैतूल निवासी डॉ. पंजाबराव सोनारे ने पेंशन में महंगाई भत्ता कम जोड़े जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने सीएमएचओ और पेंशन अधिकारी को जांच कर शीघ्र समाधान करने को कहा। प्रभात पट्टन निवासी ज्ञानेश्वर वागद्रे ने सीएम हेल्पलाइन में गलत जानकारी दर्ज किए जाने की शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित