महराजगंज , जुलाई 30 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को महराजगंज स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री चौधरी बनारस से सड़क मार्ग द्वारा महराजगंज पहुंचे थे। रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह शहर स्थित अपने आवास के कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न तहसीलों और विकासखंडों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी भी उनसे मिले तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।

जनसुनवाई में लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, शिक्षा, सिंचाई, पेंशन तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र केंद्रीय मंत्री को सौंपे। श्री चौधरी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और आवश्यक मामलों में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। जनसुनवाई के उपरांत श्री चौधरी ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्रीय विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्रत्येक योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जनता के सेवक हैं, इसलिए आमजन की समस्याओं का समाधान कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास की नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है तथा बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेयजल और कृषि सहित सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य हुए हैं तथा सरकार प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया। कैंप कार्यालय में सुबह से ही फरियादियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित