बैतूल , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने आज मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में आंधी-तूफान से मकान क्षतिग्रस्त होने की शिकायत लेकर पहुंची एक महिला को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रेडक्रॉस मद से भी राहत राशि स्वीकृत करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच कर लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी, मजदूरी भुगतान और मुआवजा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर निराकरण कराया तथा अन्य प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम चिखलीमाल निवासी ललिता इवने ने बताया कि हाल में आए आंधी-तूफान में उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार घोड़ाडोंगरी से जानकारी प्राप्त की। तहसीलदार ने बताया कि आर्थिक सहायता के लिए प्रकरण प्रस्तुत किया जा चुका है। कलेक्टर ने बिना विलंब सहायता राशि जारी करने, रेडक्रॉस मद से तत्काल राहत उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता की जांच कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को एक ही समस्या के लिए बार-बार जनसुनवाई में नहीं आना पड़े। जनसुनवाई के दौरान प्रभातपट्टन के ग्राम देवभिलाई निवासी बाया लिखितकर की भूमि संबंधी शिकायत, मुलताई के ग्राम सिपाहा निवासी डुमरिया पवार के मार्ग चौड़ीकरण संबंधी आवेदन तथा आठनेर निवासी मृदुल जायसवाल की पारसडोह डैम पाइपलाइन से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना, मजदूरी भुगतान और मुआवजा संबंधी मामलों में भी शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर वंदना जाट, संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित