दरभंगा , जून 01 -- बिहार सरकार के "निश्चय पार्ट-3" के तहत चलाए जा रहे "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता अपर समाहर्ता एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता तथा अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार ने की।जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
अपर समाहर्ताओं ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राकेश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समय पर और पारदर्शी तरीके से निपटारा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग तथा बैटरी चालित ट्राईसाइकिल सहित जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। लगभग 12 मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
श्री गुप्ता ने कहा कि कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को मोबाइल फोन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए।
अपर समाहर्ताओं ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समाधान विधिसम्मत, पारदर्शी और प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित