अंबाला , सितंबर 24 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को अंबाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसुनवाई की और कई शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।

उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में सामने आई शिकायतों का समाधान अगले सप्ताह की जनसुनवाई से पहले किया जाए।

एमईएस में ठेके पर काम करने वाले युवाओं ने शिकायत की कि ठेकेदार पहले वेतन देता था, लेकिन उसमें से आठ हजार रुपये वापस ले लेता था। पिछले दो माह से वेतन भी नहीं दिया गया। श्री विज ने श्रम विभाग को मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ केस दर्ज कराने के निर्देश दिए।

रेलवे रोड की महिला ने 1.17 लाख रुपये के बिजली बिल की शिकायत की। श्री विज ने बिजली अधिकारियों को जांच कर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल करने और बिल की रिकवरी की जांच के निर्देश दिए। ब्राह्मण माजरा में फिरनी पर कब्जे की शिकायत पर बीडीपीओ को फटकार लगाते हुए कैंट एसडीएम को जांच के निर्देश दिए।

शाहबाद की महिला की दुकान पर डेढ़ लाख रुपये के कथित बकाया बिजली बिल की शिकायत पर कुरुक्षेत्र बिजली निगम के एसई को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बालापुर में मीटर शिफ्ट नहीं होने की शिकायत पर अंबाला एसई को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

श्री विज ने अंबाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के गांवों के गोहर पक्के करने के लिए एस्टीमेट तैयार करने को कहा। टांगरी नदी बांध रोड पर रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए।

जनसुनवाई के दौरान बिजली केंद्र राय मार्केट के कर्मचारियों ने भवन के पुनर्निर्माण की मांग रखी, जिसे श्री विज ने मंजूरी देते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। अन्य कई शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित