पटना , मई 14 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश ऑफिस में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के दो मंत्रियों अशोक चौधरी तथा डॉ. श्वेता गुप्ता ने भाग लिया और आम जनों की समस्यायों से रूबरू हुए।
बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी तथा समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के विधिसम्मत एवं त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रो. नवीन आर्य चन्द्रवंशी, अनिल कुमार एवं लोकप्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे।
इस दौरान मंत्री अशोक चैधरी ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। इस प्रकरण में संलिप्त लोगों की पहचान कर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निरंतर कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क में रहते हैं और उनसे संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि अपने सीतामढ़़़ी दौरे के दौरान भी उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया, जिससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
मंत्री ने कहा कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है, इसलिए जनता को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों एवं सोने के आयात पर विदेशी मुद्रा का व्यय होता है। इसी संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित में इनके उपयोग में संयम बरतने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित