नयी दिल्ली , अक्टूबर 14 -- जनसांख्यिकीय बदलावों के बारे में गठित उच्च-स्तरीय समिति ने जनसंख्या में असामान्य बदलाव, उनके कारणों और बसावट के असामान्य तरीकों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए डिजिटल पोर्टल शुरू किया है।
गृह मंत्रालय ने बताया कि समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रकाश प्रभाकर नावलेकर ने बुधवार को यहां इसका शुभारंभ किया। पोर्टल पर केंद्र और राज्य सरकारों के विभागों, गैर-सरकारी संस्थाओं और आम लोगों को जानकारी और आंकड़े देने की सुविधा मिलेगी। इस पोर्टल के जरिए जनसंख्या में असामान्य बदलावों और उनके पीछे के कारणों से जुड़ी जानकारी समिति तक पहुंचाई जा सकेगी। समिति इन जानकारियों के आधार पर बदलावों के कारणों का विश्लेषण करेगी।
समिति का उद्देश्य देश में रह रहे अवैध घुसपैठियों की कानूनी, निष्पक्ष और समयबद्ध पहचान, हिरासत और निर्वासन के लिए एक व्यवस्थित और स्थायी व्यवस्था बनाने की सिफारिश करना भी है। इसके साथ ही सीमा प्रबंधन, जनसंख्या स्थिरीकरण और पहचान व्यवस्था को मजबूत करने के उपाय सुझाए जाएंगे।
गृह मंत्रालय ने गत 26 मई को इस समिति का गठन किया था। समिति को जनसंख्या में बदलाव से जुड़ी चुनौतियों, प्रजनन दर में अंतर, सीमा पार आवागमन, आर्थिक अवसरों और सामाजिक-पर्यावरणीय कारणों का अध्ययन करने की जिम्मेदारी दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित