पटना , जून 09 -- िहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग ) सरकार ज्वलंत जनसमस्याओं और अपनी नीतिगत विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए आवास और सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है। श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य सरकार बिना किसी स्पष्ट मानक और मापदंड के लोगों को उच्च श्रेणी की सुरक्षा, मंत्रिस्तरीय आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित नियमों की अनदेखी कर अनुपयुक्त व्यक्तियों को सरकारी संसाधनों का लाभ दिया जा रहा है।
राजद नेता ने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक है और कर्मचारी, व्यापारी, किसान, युवा, मजदूर, छात्र तथा शिक्षक सहित सभी वर्ग विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में भ्रष्टाचार, अपराध, गरीबी, बेरोजगारी और प्रशासनिक अव्यवस्था बढ़ी है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और विधि-व्यवस्था की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है।
श्री यादव ने कहा कि सरकार को आवास और सुरक्षा जैसे मुद्दों के बजाय जनता से जुड़े मूलभूत सवालों के समाधान पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है, जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित