चंडीगढ़ , जून 19 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 19 जून को सिरसा पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। बैठक में 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 12 का मौके पर निपटारा कर दिया गया। 3 मामले अगली सुनवाई तक लंबित रखे गए।

मुख्यमंत्री की कार्यशैली चर्चा का विषय रही। 2 शिकायतकर्ता बैठक में नहीं पहुंचे तो उन्होंने खुद फोन कर उनसे बात की और मामला समझा। फतेहपुर जोतांवाली निवासी संजय कुमार की साइफन निर्माण संबंधी शिकायत पर एसडीएम की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय जांच समिति बनाने के आदेश दिए। आयुष विभाग के कर्मचारी विरेंद्र पाल के निधन के बाद सहायता लाभ न मिलने की शिकायत में मुख्यमंत्री ने सीधे निर्मल कौर से बात कर स्थिति जानी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित