मधेपुरा , जून 16 -- बिहार सरकार में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और तकनीकी शिक्षा मंत्री और जिले की प्रभारी शीला कुमारी ने मंगलवार को कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार तक पहुंचकर कर रही है और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।बिहार सरकार की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की पहल के तहत मंगलवार को मधेपुरा जिले के गिद्दा और बेहरारी पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि सरकार आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार तक पहुंचकर कर रही है और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।

मंत्री ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से अब लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकारी सेवाएं और सुविधाएं सीधे गांव एवं पंचायत स्तर तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से बिचौलियों से बचते हुए सीधे अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने की अपील की।उन्होंने बताया कि सहयोग कार्यक्रम के तहत नागरिक ऑनलाइन पोर्टल और हेल्पलाइन के माध्यम से भी अपनी शिकायतें एवं आवेदन दर्ज करा सकते हैं। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लोगों को बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिल सके।

इस दौरान जिलाधिकारी अभिषेक रंजन और पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह ने भी लोगों को संबोधित किया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों से प्राप्त आवेदनों की सुनवाई की तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। जटिल मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित