हरिद्वार , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने वर्ष 2026-27 के लिए रविवार को ''तहसील दिवस'' का रोस्टर जारी कर दिया है। इसके तहत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को जनपद की सभी तहसीलों में एक साथ तहसील दिवस आयोजित किया जाएगा।

जारी आदेश के अनुसार यह कार्यक्रम संबंधित तहसील मुख्यालयों पर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान आमजन अपनी शिकायतें सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे, जिनके मौके पर ही निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

तहसील दिवस का आयोजन हरिद्वार, रुड़की, लक्सर एवं भगवानपुर तहसीलों में किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित उप जिलाधिकारी करेंगे, जबकि जिला स्तरीय अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार एवं खंड विकास अधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही, तहसील दिवस की कार्यप्रणाली की निगरानी स्वयं जिलाधिकारी द्वारा रैंडम आधार पर की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर वे किसी भी तहसील में पहुंचकर कार्यक्रम का निरीक्षण भी करेंगे।

प्रशासन का उद्देश्य आमजन को जिला या मंडल मुख्यालय तक जाने की आवश्यकता से मुक्त कर, उनकी समस्याओं का समाधान उनके नजदीकी स्तर पर ही सुनिश्चित करना है।

रोस्टर के अनुसार तहसील दिवस का पहला आयोजन 07 अप्रैल 2026 को किया जाएगा, जबकि अंतिम आयोजन 16 मार्च 2027 तक निर्धारित किया गया है। इस अवधि में प्रत्येक माह नियमित रूप से दो बार तहसील दिवस आयोजित होंगे।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी तहसील मुख्यालय में पहुंचकर इस व्यवस्था का अधिकतम लाभ उठाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित