बस्ती , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती मंडल के नवागत मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने कहा है कि शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
गुरुवार को 'यूनीवार्ता' से बातचीत में मंडलायुक्त ने कहा कि बस्ती मंडल के तीनों जिलों-बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर-में आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए अधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभागाध्यक्ष नियमित रूप से अपने कार्यालयों में बैठकर आमजन की शिकायतें सुनेंगे और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। शिकायतों के निस्तारण का फीडबैक भी लिया जाएगा, ताकि व्यवस्था की प्रभावशीलता बनी रहे।
वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उनका प्रयास रहेगा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से वंचित न रहना पड़े।
भूमि विवादों के संबंध में उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का पहले आपसी सुलह-समझौते के आधार पर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। यदि विवाद का निस्तारण नहीं हो पाता है तो राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करेगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने बताया कि छोटे-छोटे भूमि विवादों को सूचीबद्ध कर शिकायत प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा, जिससे विवाद बढ़ने से पहले ही उनका समाधान हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित