बैतूल , अक्टूबर 08 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के तहत बैतूल में पांच क्लस्टरों की बैठकों को संबोधित किया और 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन सामुदायिक भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने बैतूल बाजार में आम नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि जनसंवाद और जनभागीदारी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला है।
श्री खण्डेलवाल ने सोहागपुर, बारहवीं, गोराखार, बाघोली एवं बैतूल बाजार क्लस्टरों में नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सड़क, नाली, स्वच्छता, विद्युत, पेयजल और सिंचाई सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक और बेहतर बनाना है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय आवश्यकताओं और नागरिकों के सुझावों को समझकर विकास की प्राथमिकताएं तय करने से योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार विकास एवं निर्माण कार्यों को स्वीकृति दिलाई जा रही है तथा गांवों एवं नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पांचों क्लस्टरों में बैतूल बाजार मंडल के 33 गांवों के ग्रामीणों से संवाद किया गया। इसके अलावा बैतूल बाजार के नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा की गई। सोहागपुर, गोराखार और बाघोली में 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन सामुदायिक भवनों का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, स्थानीयजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित