पटना , जनवरी 14 -- ठाकुर प्रसाद विचार मंच की तरफ से बुधवार को जनसंघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व. ठाकुर प्रसाद की 106वीं जयंती मनाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यसमिति सदस्य राम जी सिंह ने की। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रविशंकर प्रसाद अपने पिता स्व. ठाकुर प्रसाद की स्मृति में भावुक हो गए। उन्होंने अपने पिता के संघर्ष के साथ जनसंध की स्थापना एवं विस्तार में उनके योगदान को साझा किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ठाकुर प्रसाद जनसंघ के बहुत बड़े नेता रह चुके हैं। वे जन संघ के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार सरकार मे मंत्री भी रह चुके है। वे एक सामाजिक नेता के साथ-साथ वरिष्ठ वकील भी थे। उन्होंने जनसंघ को बिहार में स्थापित किया था। उन्होंने कहा कि जनसंघ आज भाजपा के रूप में पूरे देश के विकास में जुटा हुआ है।

बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष नन्द किशोर यादव ने कहा कि ठाकुर प्रसाद ने जनसंघ का जो पौधा बिहार में लगाया था, उसका पुष्प आज पूरे देश में पल्लवित है। हमलोग आज भी उनके आदर्शों पर पार्टी को आगे बढ़ा रहे हैं।

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि ठाकुर प्रसाद जनसंघ के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने बिहार में भाजपा को मजबूत किया। वे एक सामाजिक नेता थे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया था। उनकी जयंती के अवसर पर हमलोग उनके आदर्शों पर चलते हुए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर रहे हैं।

कार्यक्रम के समाप्ति के बाद वहां उपस्थित पार्टी के कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र दे कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता, पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू, पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा, श्रीमती किरण घई ,भाजपा पटना महानगर के जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता तथा भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित