जालौन , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में जन शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने एक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को बताया कि ग्राम सधरा निवासी बुद्ध सिंह अहिरवार और मोहर सिंह के बीच खेत की जुताई के भुगतान को लेकर विवाद तथा गाली-गलौज की सूचना 22 मई को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने पर पीआरवी संख्या-8352 पर तैनात आरक्षी पंकज कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने दोनों पक्षों से गंभीरता और शालीनता से बातचीत करने के बजाय केवल औपचारिकता निभाई। साथ ही मामले में आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए दोनों पक्षों को थाना आटा नहीं भेजा गया।
इसी मामले की जांच के लिए थाना आटा में तैनात उपनिरीक्षक विश्वनाथ सिंह को भी भेजा गया था। जांच में पाया गया कि उन्होंने भी प्रकरण का उचित निस्तारण नहीं किया और केवल औपचारिक कार्रवाई कर अपने दायित्वों की उपेक्षा की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता एवं शिथिलता मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित