मथुरा , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जन शिकायतों के निस्तारण और शासन की प्राथमिकताओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित सीएम डैशबोर्ड (राजस्व), कर एवं करेत्तर राजस्व, राजस्व वाद, चकबंदी, आईजीआरएस तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव और मंडलायुक्त स्तर से प्राप्त शिकायतों का संबंधित अधिकारी स्वयं संज्ञान लेकर प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।

राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए श्री सिंह ने उप जिलाधिकारियों एवं न्यायिक अधिकारियों को अधिवक्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर पांच वर्ष से अधिक पुराने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने धारा 80, 24, 116 तथा 34 से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा।

बैठक में स्टांप, आबकारी, विद्युत, परिवहन, खनन तथा राज्य कर विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि यह शासन का महत्वपूर्ण मूल्यांकन मंच है और किसी भी विभाग की खराब रैंकिंग जिले की समग्र छवि को प्रभावित करती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने तथा पोर्टल पर सूचनाओं की समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, बीडीओ और तहसीलदारों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर वहां साफ-सफाई तथा चारा-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांगजन, वृद्धावस्था एवं निराश्रित महिला पेंशन योजनाओं के शत-प्रतिशत सत्यापन, फार्मर्स रजिस्ट्री और फैमिली आईडी के कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) वेद प्रिय आर्य, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, एसडीएम सदर मोहित कुमार, एसडीएम गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, एसडीएम छाता अखिलेश कुमार, एसडीएम महावन प्राजक्ता त्रिपाठी, एसडीएम मांट चंद्रभूषण प्रताप सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित