आगरमालवा , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश में आगरमालवा जिले के ग्राम तनोड़िया में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित पहले जनविश्वास शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 72 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं शामिल हुए।
शिविर का शुभारंभ विधायक मधु गेहलोत एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक श्री गेहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान करना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी तथा जिला अधिकारियों के साथ ग्राम का भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने राशन दुकान, उर्वरक वितरण केंद्र, आंगनवाड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया और जल निगम को तनोड़िया की पेयजल समस्या के प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी ने अभियान के उद्देश्य एवं रूपरेखा की जानकारी दी।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई भैरूसिंह चौहान, पूर्व विधायक लालजी राम मालवीय, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह तथा मोहनलाल मकवाना ने भी संबोधित किया। शिविर में विभागीय अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए विभिन्न हितग्राही योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमल मंडलोई, शिविर के नोडल अधिकारी राजीव गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित