धार , सितंबर 04 -- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पीथमपुर थाना परिसर में शिविर आयोजित कर पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार पारुल बेलापुरकर एवं नगर पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्याओं पर प्रत्यक्ष चर्चा कर शिकायतों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नागरिकों को उनकी शिकायतों के शीघ्र निराकरण का भरोसा भी दिलाया गया।
इसी अभियान के तहत सागौर थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ा में भी नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा, यातायात और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारी एवं मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर है। अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण कर पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित