चंडीगढ़ , फरवरी 16 -- हरियाणा कांग्रेस ने मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कांग्रेस अध्यक्षों के नेतृत्व में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के उपरांत उपायुक्तों के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीतियों को जनहित के विरुद्ध बताया। यह जानकारी देते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार तुगलकी फरमानों के जरिए जनता को अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय संविधान की मूल भावना समानता न्याय और जनकल्याण सरकार की नीतियों से प्रभावित हो रही है।

राव नरेंद्र सिंह ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को देश की कृषि अर्थव्यवस्था और किसानों के हितों के खिलाफ बताया और कहा कि इस समझौते से विदेशी कंपनियों को भारतीय बाजार में अनियंत्रित प्रवेश देने का रास्ता खुल सकता है, जिससे घरेलू किसानों की उपज प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि इससे खाद्यान्न सुरक्षा और कृषि आत्मनिर्भरता पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

बुढ़ापा पेंशन योजना में बदलाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पेंशन को बच्चों की आय से जोड़ना अनुचित है। उनका कहना था कि यह योजना बुजुर्गों को सम्मान और सुरक्षा देने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन सरकार के इस फैसले से उनके सम्मान को ठेस पहुंची है।

राशन कार्ड से नाम काटे जाने के मामलों पर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पात्र लोगों को बिना ठोस कारण योजनाओं से वंचित किया जा रहा है जो खाद्यसुरक्षा के अधिकार के विपरीत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित