पुणे , मई 20 -- थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी 30 मई को पुणे स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) के 150वें कोर्स के दीक्षांत परेड का निरीक्षण करेंगे।

आज यहां जारी रक्षा विज्ञप्ति के मुताबिक, स्प्रिंग टर्म-2026 की इस शानदार औपचारिक परेड में थल सेना, नौसेना और वायु सेना के लगभग 355 कैडेट पास आउट होने वाले हैं। यह परेड एकेडमी में दी जाने वाली उनकी कठिन सैन्य और शैक्षणिक ट्रेनिंग के सफल समापन का प्रतीक है।

दीक्षांत परेड से ठीक एक दिन पहले, 29 मई को एनडीए के हबीबुल्लाह हॉल में 150वें कोर्स का दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की पूर्व अधिकारी डॉ. किरण बेदी इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और डिग्री हासिल करने वाले कैडेट्स को संबोधित करेंगी।

सैन्य नेतृत्वा का पालना माने जाने वाली नेशनल डिफेंस एकेडमी तीनों सेनाओं के कैडेट को प्रशिक्षण प्रदान करती है। यह एकेडमी कैडेट्स को रक्षा बलों में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कड़ी सैन्य ट्रेनिंग के साथ-साथ पढ़ाई-लिखाई और चरित्र निर्माण की भी शिक्षा देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित