कानपुर , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में 'हर घर तिरंगा' अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में व्यापारिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने व्यापारिक संगठनों, स्वैच्छिक संस्थाओं, निजी प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा।
उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। अभियान के दौरान जनपद के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, राष्ट्रनायकों की प्रतिमाओं का अलंकरण कराया जाएगा तथा प्रमुख बाजारों, चौराहों और पार्कों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत चिन्हित स्थलों पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का बैंड प्रस्तुति देगा। इसके अलावा फूलबाग और बिठूर में तिरंगा कॉन्सर्ट तथा मोतीझील में तिरंगा मेले का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली और कलाकृतियों के माध्यम से पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में सजाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तिरंगा रैलियों में विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रैली की शुरुआत 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन से होगी। साथ ही प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा और अलंकरण कराया जाएगा।
उन्होंने विद्यालयों में तिरंगा प्रेरित कलाकृतियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' शासन के निर्देशानुसार आयोजित कर नई पीढ़ी को देश विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े इतिहास से अवगत कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय भारतीय ध्वज संहिता का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ध्वज फहराते समय केसरिया रंग की पट्टी हमेशा ऊपर रहे, सरकारी परिसरों में सूर्योदय के बाद ध्वजारोहण और सूर्यास्त पर सम्मानपूर्वक ध्वज अवरोहण किया जाए तथा अभियान के दौरान निजी आवासों और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए राष्ट्रीय ध्वज को अभियान समाप्त होने के बाद सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। किसी भी स्थिति में फटा, कटा अथवा आधा झुका राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जाना चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह, एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित