जयपुर , मई 16 -- राजस्थान में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को प्रदेशभर में डेंगू से बचाव एवं रोकथाम को लेकर व्यापक जनजागरुकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम "जनभागीदारी से डेंगू पर प्रहार" रखी गई है, जिसके तहत आमजन को डेंगू के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि प्रदेश में डेंगू नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। विभाग ने आमजन से अपील की है कि डेंगू की रोकथाम केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता एवं सामूहिक जिम्मेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। सतर्कता, स्वच्छता एवं जागरूकता से ही डेंगू मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि विभाग की ओर से जिलों में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां, स्वच्छता अभियान, लार्वा सर्वे, स्रोत नष्ट करने की गतिविधियां तथा आमजन को डेंगू से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, चिकित्सा संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को डेंगू के लक्षण, बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित