फर्रुखाबाद , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन अनिवार्य रुप से उठायें।

कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में आयोजित बैठक में जिले के विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए श्री सिंह ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद मुकेश राजपूत, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। श्री सिंह ने कहा कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और उनके दूरभाष कॉल का अनिवार्य रूप से उत्तर दें। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रम स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराए जाएं। इस संबंध में शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण पेयजल योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग की समीक्षा में नलकूप अधिकारी को स्थायी एवं अस्थायी नलकूपों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत धनराशि के अनुरूप नए नलकूपों की स्थापना शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित