गौतमबुद्धनगर , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा बिसरख स्थित ओलम्पिया अकादमी में बुधवार को जनपद स्तरीय सब जूनियर बालक एवं बालिका तैराकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं प्रशिक्षण केंद्रों से आए नन्हे तैराकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
आज आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा किया गया। जहां उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित खेल गतिविधियों से अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होती है, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक है।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित फ्री-स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई एवं इंडिविजुअल मेडले स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
अंडर-11 बालक वर्ग में ऑरम बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले, 50 मीटर फ्री-स्टाइल और 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं मोनाक्ष बेरी ने बटरफ्लाई स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-11 बालिका वर्ग में आरोही राय का दबदबा रहा। उन्होंने इंडिविजुअल मेडले, फ्री-स्टाइल, ब्रेस्ट स्ट्रोक और बटरफ्लाई स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता की स्टार खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-10 बालक वर्ग में वियान सिंह और शौर्यन मलिक के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। वियान सिंह ने इंडिविजुअल मेडले, ब्रेस्ट स्ट्रोक और बटरफ्लाई स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीता, जबकि शौर्यन मलिक ने फ्री-स्टाइल एवं बैक स्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में अद्विता सिंह, न्यासा गुप्ता और सरेशा अग्रवाल ने कई स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंडर-8 बालक वर्ग में आयु त्यागी ने फ्री-स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक और इंडिविजुअल मेडले में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं बालिका वर्ग में गार्गी वर्मा ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
अंडर-6 वर्ग में निशांत हुड्डा और नक्षत्रा अरविंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया और भविष्य के उभरते तैराकों के रूप में अपनी पहचान बनाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित