गौतमबुद्धनगर , जून 16 -- शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रोसेस्ड फ्रूट एवं वेजिटेबल उत्पादों की निर्माण इकाइयों और थोक विक्रेताओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों से पांच खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा जानकारी में बताया गया कि,उत्तर प्रदेश, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान की निगरानी सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद में लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता ने दादरी स्थित बृज फूड साइंस प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण कर वहां से मिक्स अचार और रेड चिली सॉस के एक-एक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह एवं रितु सक्सेना की संयुक्त टीम ने पथवारी बिसरख स्थित गुप्ता स्टोर से विनेगर और चटनी के एक-एक नमूने लिए।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती ने इकोटेक-6 स्थित तत्वाहिलस प्राइवेट लिमिटेड में निरीक्षण कर ब्लैक बीन्स सॉस का एक नमूना संग्रहित किया। इस प्रकार कुल पांच नमूने विभिन्न निर्माण इकाइयों एवं थोक विक्रेताओं से लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी भी खाद्य पदार्थ का नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित