समस्तीपुर, जुलाई 17 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने शुक्रवार को समस्तीपुर शहर के बारह पत्थर मोहल्ला स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर सभागार के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि समस्तीपुर में लंबे समय से ऐसे सभागार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां बड़ी संख्या में लोग एक साथ बैठकर कार्यक्रमों में भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से जननायक कर्पूरी सभागार का निर्माण कराया गया था। हालांकि निर्माण के बाद कुछ आवश्यक सुविधाओं की कमी महसूस हुई, जिसे दूर करने के लिए दो करोड़ 65 लाख रुपये की अतिरिक्त योजना स्वीकृत की गई है।

श्री ठाकुर ने बताया कि अतिरिक्त राशि से सभागार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसके तहत बेहतर साउंड सिस्टम, आकर्षक सीलिंग, उच्च गुणवत्ता की कुर्सियां,भवन का सौंदर्यीकरण तथा अन्य आवश्यक निर्माण एवं रखरखाव कार्य कराए जाएंगे, जिससे यह सभागार बड़े सरकारी, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पूरी तरह उपयुक्त बन सके।

श्री ठाकुर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि समस्तीपुर का यह सभागार राज्य के आधुनिक और सुविधासंपन्न सभागारों में शामिल हो तथा जिले के लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के विधान पार्षद तरूण कुमार, समस्तीपुर नगर निगम की मेयर अनिता राम,उप महापौर रामबालक पासवान एवंजनता दल यूनाइटेड (जदयू)के जिलाध्यक्ष दूर्गेश राय समेत अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित