पटना , जनवरी 24 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह, ने शनिवार को कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने शोषित और वंचित तबकों को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए संघर्ष ही नहीं किया, बल्कि जीवनपर्यंत उनके अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित भी रहे।
जदयू प्रदेश कार्यालय में आज भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने की तथा मंच का संचालन शिवशंकर निषाद जी ने किया।
इस अवसर पर वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने अपनी दूरदर्शी सोच से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश की राजनीति को प्रभावित किया। उन्होंने शोषित और वंचित तबकों को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए संघर्ष ही नहीं किया, बल्कि जीवनपर्यंत उनके अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित रहे। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए शोषित-वंचित समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर के पदचिन्हों पर चलते हुए बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में सतत प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर बिहार के अनमोल रत्न हैं, जिनका राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान वर्षों-वर्षों तक स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों और विचारों का अनुसरण करते हुए शोषित एवं वंचित समाज के सशक्तिकरण के लिये निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने 'न्याय के साथ विकास' की अवधारणा को धरातल पर उतारते हुए अतिपिछड़ा समाज के हित में अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार के कार्यकाल में अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण बजट में 44 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। साथ ही अतिपिछड़ा आयोग का गठन किया गया, पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में आरक्षण लागू कर राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया। न्यायिक सेवाओं में भी आरक्षण की व्यवस्था की गई तथा जिलों में जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास की स्थापना कर छात्रों को शिक्षा एवं छात्रवृत्ति की सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक निर्णयों के परिणामस्वरूप अतिपिछड़ा समाज ने शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों में नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं।
श्री चंद्रवंशी ने कहा कि अतिपिछड़ा समाज के समावेशी विकास के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जननायक कर्पूरी ठाकुर के सच्चे अनुयायी हैं, इसलिए अतिपिछड़ा समाज को एकजुट होकर मुख्यमंत्री श्री कुमार के हाथों को मजबूत करना है, जिससे वे विकसित बिहार के निर्माण के अपने सपनों को साकार कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित