चंडीगढ़ , मई 2 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि जनता अब विकास के रास्ते को चुन चुकी है और राज्य को कांग्रेस मुक्त बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जन आशीर्वाद से निकाय चुनाव में हर वार्ड में कमल का फूल खिलेगा।

सोनीपत में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है और विकास की यात्रा आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से 10 मई को होने वाले मतदान को लेकर बूथ स्तर पर सक्रिय रहने को कहा। बड़ौली ने कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए कार्यकर्ता बूथों को मजबूत करें, अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करें और भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने भरोसा जताया कि सोनीपत की जनता भाजपा के विकास कार्यों पर मुहर लगाकर निकाय चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित