लखनऊ , मई 4 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित 'जनता दर्शन' में प्रदेशभर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार और अवैध कब्जों जैसे मुद्दों पर स्पष्ट और सख्त रुख दिखाया।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से खास तौर पर कहा कि बच्चों को हर हाल में स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ड्रेस, किताबें, जूते-मोजे और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
योगी ने कहा कि इसके लिए अभिभावकों के खातों में आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। साथ ही मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों को पौष्टिक भोजन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि "शिक्षित बच्चा ही समृद्ध और सशक्त भारत की नींव रखता है।"युवाओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पारदर्शी तरीके से नौकरियां दे रही है। उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं और आगे भी विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्तियां की जाएंगी।
उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे पूरी मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करें। "किसी सिफारिश की जरूरत नहीं है, योग्यता के आधार पर ही चयन होगा," उन्होंने स्पष्ट कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित