कोंडागांव , जून 09 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता मोहन मरकाम ने मंगलवार को बढ़ती महंगाई को लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और सरकार को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

श्री मरकाम ने आज कोंडागांव में कहा कि व्यावसायिक गैस, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार वृद्धि से आमजन, किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि व्यावसायिक गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि रसोई गैस सिलेंडर के मूल्य में भी वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर परिवहन, होटल व्यवसाय और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ रहा है, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। श्री मरकाम ने आरोप लगाया कि महंगाई के मुद्दे पर भाजपा पहले आक्रामक रुख अपनाती थी, लेकिन अब इस विषय पर चुप्पी साधे हुए है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, पानी और सड़क जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार का ध्यान अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादों पर अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है।

श्री मरकाम ने सरकार से बिजली दरों में राहत देने, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने तथा कृषि कार्यों के लिए डीजल की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और सरकार को जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए महंगाई नियंत्रण के लिए ठोस नीति बनानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित