जयपुर , मई 20 -- राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि आसमान छू रही महंगाई के चलते राज्य सरकार और भाजपा संगठन आम आदमी को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम उठाने की बजाए जनता की वास्तविक परेशानियों को सिरे से झुठलाने का काम कर रहे हैं।
श्री जूली ने बुधवार को अपने बयान में कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि श्री राठौड़ पूरी तरह से जमीनी हकीकत और प्रदेश के हालातों से कट चुके हैं। आज पूरे राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत देखी जा रही है। अन्नदाता किसान इस बात को लेकर गहरे संकट और परेशानी में है कि वह कृषि कार्यों के लिए डीजल का इंतजाम कहाँ से और कैसे करे, जब जनता त्रस्त है, तब भाजपा नेता इसे अनावश्यक भय बता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महंगाई आज आसमान छू रही है और बजाय इसके कि सरकार और भाजपा संगठन आम आदमी को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम उठाएं, वे जनता की वास्तविक परेशानियों को सिरे से झुठलाने का काम कर रहे हैं। श्री जूली ने कहा कि श्री राठौड़ मितव्ययता' और संसाधनों के संतुलित उपयोग की आड़ में सरकार की नाकामियों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित