जयपुर , फरवरी 14 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा भाजपा सरकार को डबल इंजन की जगह ट्रबल इंजन कहे जाने पर पलटवार करते हुए कहा है कि जनता कांग्रेस के भ्रामक प्रचार को स्वीकार नहीं करेगी और अब ट्रबल कांग्रेस को होने वाली है।
श्री राठौड़ ने यहां जारी एक बयान में कहा कि कांग्रेस द्वारा लगातार भ्रम और अफवाह फैलाने की राजनीति की जा रही है लेकिन अब प्रदेश की जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है और ऐसे भ्रामक प्रचार को स्वीकार करने वाली नहीं है और अब कांग्रेस की ट्रबल बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस वर्षों से झूठे आरोपों और भ्रम की राजनीति के माध्यम से जनता को गुमराह कर वोट प्राप्त करने का प्रयास करती रही है किंतु वर्तमान समय में प्रदेश की जनता सजग है और विकास के मुद्दों पर निर्णय ले रही है। श्री राठौड़ ने कहा कि प्रदेश की जनता अब भ्रम और अफवाहों की राजनीति को नकार चुकी है। जनता विकास चाहती है, रोजगार चाहती है, सुरक्षित और सुखी जीवन चाहती है। भाजपा सरकार इसी दिशा में कार्य कर रही है और आने वाले समय में प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित