लखनऊ , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनमानस के जीवन में आने वाले सकारात्मक परिवर्तन से प्रशासन की सार्थकता सिद्ध होती है। प्रशासनिक तंत्र जब दक्ष, संवेदनशील और उत्तरदायी होता है, तभी सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचता है और सुशासन का संकल्प जनकल्याण के रूप में साकार होता है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर साधना शृंखला-2026 के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि लोकसेवक सामाजिक और प्रशासनिक परिवर्तन के सबसे महत्वपूर्ण संवाहक हैं। उनकी कार्यक्षमता, संवेदनशीलता और जवाबदेही शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है।

योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में परिवारवाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार को प्राथमिकता दिए जाने से प्रदेश की प्रशासनिक दक्षता, कार्यकुशलता और कार्यसंस्कृति गंभीर रूप से प्रभावित हुई थी। अपराध, माफियाराज, नीतिगत उदासीनता और पहचान के संकट ने प्रदेश की असीम संभावनाओं को बाधित कर रखा था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और प्रदेश की सरकार मिशन कर्मयोगी जैसी पहलों के माध्यम से प्रशासनिक कार्यसंस्कृति को नई दिशा दे रही हैं। योगी ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपनी बीमारू छवि से बाहर निकलकर विकास की नई संभावनाओं को साकार किया है। प्रदेश प्रशासनिक, आर्थिक और संस्थागत ढांचे में बदलाव करते हुए विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी परिवर्तनकारी यात्रा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में दो दिवसीय क्षेत्रीय साधना शृंखला-2026 का शुभारंभ हो रहा है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में आठ राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों की सहभागिता होगी।

योगी ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए लोकसेवकों की क्षमता, कार्यकुशलता और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 'न्यूनतम सरकार, अधिकतम शासन' की भावना के अनुरूप कर्मयोगी उत्तर प्रदेश अंत्योदय के संकल्प को साकार करने और विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित