नयी दिल्ली , मार्च 27 -- जनजातीय समुदाय के लोगों के जबरन और प्रलोभन देकर धर्मांतरण किए जाने पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने की शुक्रवार को राज्यसभा में मांग की गई।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सुमेर सिंह सोलंकी ने शून्य काल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में जनजातीय समुदाय के लोगों का जबरन और विभिन्न तरह के प्रलोभन देकर धर्मांतरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों को नौकरी या अन्य तरह के प्रलोभन टेकर धर्मांतरण के लिए मजबूर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस पर रोक लगाने के लिए संविधान में संशोधन कर सख्त कानून बनाए जाने की जरूरत है। भाजपा के सदस्य ने कहा कि जबरन धर्मांतरण पर रोक लगाकर आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण भी किया जा सकता है।
उन्होंने हाल ही के उच्चतम न्यायालय के उस फैसले का भी उल्लेख किया जिसमें कहा गया है कि धर्मांतरण करने वाले व्यक्ति को आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।
राष्ट्रीय जनता दल के संजय यादव ने पिछले वर्ष पहलगाम आतंकवादी हमले के दौरान एयरलाइनों द्वारा श्रीनगर से विभिन्न जगहों पर जाने वाली उड़ानों के किराए में बेतहाशा वृद्धि का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि जब भी देश आपदा या संकट का सामना करता है एयरलाइन हवाई यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए उनसे कई गुना अधिक किराया वसूलती हैं। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद श्रीनगर से जो किराया 6000 से 8000 रुपए था उसे बढ़ाकर 60000 से 80000 रुपए कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसे मौकों पर जरूरत तो यह होती है कि सरकार आपदा में लोगों की सेवा करें पर यहां उल्टा मामला होता है कि आपदा में सौदे किए जाते हैं।
तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन ने युवाओं और बच्चों में मोबाइल फोन की बढ़ती आदत तथा स्क्रीन टाइम पर रोक लगाए जाने की मांग करते हुए कहा कि देश में बच्चे औसतन हर रोज आठ घंटे फोन का इस्तेमाल करते हैं जिसका उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल से बच्चों की नींद पूरी नहीं हो पाती और वे चिड़चिड़े रहते हैं। उन्होंने एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि प्रतिवर्ष हजारों बच्चे इसके कारण आत्महत्या तक कर लेते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें बच्चों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को कम करने की आदत डालने के लिए जरूरी कदम उठाने उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए सरकार के स्तर पर व्यापक चर्चा कर योजना बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 68 देशों ने स्कूलों में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
बीजू जनता दल के शुभाशीष खूंटियां ने ओडिशा के पुरी स्थित अशोका होटल की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए इसका पुराना गौरव लौटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसके कारण राज्य में पर्यटन संभावनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
भाजपा के लक्ष्मीकांत वाजपेई ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रेरा कानून पूरी तरह से विफल साबित हो रहा है और यह लोगों को राहत नहीं दे पा रहा। उन्होंने कहा कि बिल्डर जानबूझकर अपने आप को दिवालिया घोषित कर देते हैं और इस कानून की कर्मियों का फायदा उठाकर बच निकलते हैं। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा खामियाजा आम लोगों को उठाना पड़ता है जो अपनी मेहनत का पैसा इन बिल्डरों की परियोजनाओं में मकान पानी की उम्मीद में लगाते हैं।
आम आदमी पार्टी के विक्रमजीत सिंह साहनी ने देश के बीस से भी अधिक राज्यों में घटिया दवाओं की बिक्री पर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर अंकुश लगाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन दवाओं का लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
सदस्य ने कहा कि भारत दुनिया के लगभग 200 देश को दवा निर्यात करता है और इन घटिया दवाओं से देश की छवि भी प्रभावित होती है। उन्होंने दावा नियंत्रण कानून को सख्त बनाए जाने की मांग की।
भाजपा के संजय सेठ ने देश में निरंतर बढ़ती आबादी की ओर सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा की जनसंख्या नियंत्रण के लिए देश में सख्त कानून बनाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस कानून के अंतर्गत प्रत्येक परिवार में केवल दो बच्चे पैदा करने की व्यवस्था होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस कानून का पालन करने वाले परिवारों को अनेक सुविधाएं भी दी जानी चाहिए। भाजपा सदस्य ने कहा कि भारत में दुनिया की केवल 2.4 प्रतिशत जमीन है जबकि इस पर दुनिया की 18 प्रतिशत आबादी रहती है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और रूस के पास उनकी आबादी के अनुपात से कहीं अधिक जमीन है।
उन्होंने कहा कि इस कानून से धर्म और जाति को परे रखकर सख्त प्रावधान बनाए जाने की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित